UP: राजधानी लखनऊ में साल 2022 में 115 लोगों की हत्या, इतने मामलों का खुलासा

Share

गैंगस्टर के तहत दर्ज मुकदमे में होगी गिरफ्तारी, हजारों बदमाश पहुंचे सलाखों के पीछे

लखनऊ । साल 2022 की शुरुआत से लेकर अब तक शहर में ऐसे कई अपराधों को अंजाम दिया गया जो पुलिस के लिए किसी चुनौतियों से कम नहीं था। अपराध का ग्राफ देखा जाए तो इसमें कुछ खास गिरावट नहीं है। हत्या, लूट, डकैती, चोरी, घरेलू मामले, तस्करी व महिला अपराध से जुड़े कई मामले पूरे साल दर्ज हुए हैं। फिलहाल इन सब मामलों को गंभीरता से लेते पुलिस ने अपराधों के निस्तारण का ग्राफ जरुर कम किया है।

रिजर्व पुलिस लाइन महानगर में मंगलवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन हुआ। इस दौरान पुलिस कमिश्नर एसबी शिरडकर ने जहां एक ओर उपलब्धियां गिनाई वहीं दूसरी ओर आगामी साल में मुस्तैदी से अपराध व ट्रैफिक की समस्याओं से निपटने के लिए शहरवासियों को आश्वासन दिया।

साइबर क्राइम व जाम की समस्या से जुझते रहे शहरवासी

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 1 जनवरी 2022 से लेकर अब तक शहर के सभी थानों में जितने भी छोटे व बड़े मामले दर्ज हुए हैं। पुलिस टीम ने उन्हें गंभीरता से लेते हुए काफी हद तक निस्तारण करने का प्रयास किया।

कई मामलों का खुलासा करते हुए घटना में शामिल आरोपियों को जेल भेज गया है। वहीं जो फरार चल रहे हैं उनपर कार्रवाई की जा रही है। शहर को अपराध मुक्त बनाने के लिए टीम दिन रात कड़ी मेहनत कर रही है। अपराध से हट कर शहर की ट्रैफिक व्यावस्था पर भी काफी काम किया गया है। आगे की पुलिस टीम टै्रफिक,साइबर क्राइम समेत अन्य अपराधों पर नकेल कसने में पूरी मुस्तैदी से काम करेंगी।

पुलिस कमिश्नरेट के लिए चुनौतियों से भरा होगा नया साल

पुलिस कमिश्नरेट के लिए आगामी साल चुनौतियों भरा होगा। लखनऊ में हत्या के कुल 115 केस दर्ज हुए थे जिनमें से 107 मामलों का खुलासा किया गया है। जबकि आधा दर्जन से अधिक हत्या के मामले की गुत्थी पुलिस नहीं सुलझा पायी है।

पुलिस कमिश्नर एसबी शिरडकर ने बताया कि आने वाले साल में क्राइम का ग्राफ गिराने के लिए हर उचित कार्य किए जाएंगे। साइबर क्राइम के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं जिसमें गिरावट लाने के लिए प्लान बनाया जा रहा है। गैंगस्टर एक्ट के मामलों में फरार चल रहे अपराधियों पर आने वाले साल में जल्द से जल्द कार्रवाई कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इसके अलावा शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम भी किया जाएगा।

इन घटनाओं में पुलिस को मिली सफलता

1- जनपद में हत्या के कुल 115 केस दर्ज हुए थे जिनमें से 107 मामलों का खुलासा कर दिया गया। उधर, अन्य मामलों की जांच चल रही है।
2- डकैती के कुल 03 केस दर्ज हुए जिनमें तीनों घटनाओं का खुलासा पुलिस ने कर दिया।

3- लूट के 29 केस दर्ज किए गए जिनमें सभी मामलों का पर्दाफाश कर दिया गया। 4- अवैध शस्त्र में 483 केस दर्ज केस दर्ज कर 494 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इनके कब्जे से 433 अवैध तमंचा, 53 अवैध चाकू व 573 कारतूस बरामद किए गए।

5- गृह भेदन के 444 मामले दर्ज किए गए। इनमें 205 मामलों का खुलासा करते हुए 451 आरोपियों को जेल भेजा गया। साथ ही इनके पास से 99,08,752 रुपए की संपत्ति बरामद की गई।
6- वाहन चोरी में अब तक 1374 केस दर्ज किए गए। 451 मामलों का खुलासा करते हुए 560 आरोपियों को जेल भेजा गया और 455 वाहन बरामद किए गए।

7- अवैध शराब में 1092 मुकदमें दर्ज। 23525.8 लीटर अवैध शराब बरामद कर 1092 तस्करों को जेल भेजा गया।
8- गोवध अधिनियम के तहत 17 मामले दर्ज कर 36 लोगों को जेल भेज गया।

9- एनडीपीएस एक्ट में अब तक 378 मुकदमे दर्ज कर 421 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 15.9 किलो अफीम, 6.4 किलो चरस, 279.241 किलो गांजा, 1.481 किलो मार्फिन, 8.61605 किलो स्मैक, 266 नशीली गोली, 0.805 किलो नशीला पाउडर बरामद किया गया।
10- महिलाओं की सहायता के लिए बनाए गए कुल 99 पिंक बूथ पर अबतक 5332 शिकायत पत्र आए जिनमें से 5209 मामलों का निस्तारण किया गया।

11- आपरेशन मुस्कान के तहत कुल 416 व गुमशुदगी में 1306 लोगों की बरामदगी की गई। महिला हेल्प डेस्क पर अब तक 18479 शिकायते प्राप्त हुई जिनमें 13582 मामलों का निस्तारण किया गया। एंटीरोमियो टीम ने 46494 व्यक्तियों से पूछताछ कर उन्हें हिदायत देकर छोड़ा। छेड़छाड़ के मामलों में 70 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। साथ ही अपराधिक मामलों में उकसाने वाले 780 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

12-लोकसेवक पर हमलों के मामले में अब तक 134 मुकदमें दर्ज किए गए। इनमें से 112 का निस्तारण किया गया। 22 मामले अभी भी विवेचनाधीन हैं।

13- यातायात नियमों का पालन न करने पर 692344 वाहनों का चालन कर 1905 वाहन सीज किए गए।
14-गैंगस्टर एक्ट में 79 केस दर्ज कर 331 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा गैंगस्टरों की 1 अरब 77 करोड़ 56 लाख 19 हजार 351 रुपए की संपत्ति जब्त की गई।