राजनाथ सिंह के भरोसेमंद अफसर बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर

Share

युवा मीडिया, लखनऊ। सूबे की योगी सरकार ने लखनऊ और प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर समेत कुल 16 सीनियर ऑफिसरों का तबादला कर दिया। लखनऊ के पुलिस आयुक्त एसबी शिरडकर को अब लखनऊ का अपर पुलिस महानिदेशक बना दिया गया है। वहीं लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशकर अमरेंद्र कुमार सेंगर को पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में तैनात किया गया है।

लखनऊ पुलिस कमिश्नर बनाए गए आईपीएस अमरेंद्र कुमार सेंगर 1995 बैच के अफसर हैं। वो दिसंबर तक आईजी के पद पर एनडीआरएफ में तैनात थे। दिसम्बर में ही उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से कार्यमुक्त किया गया था। फिर इसके बाद वो अवकाश पर थे। अब अवकाश खत्म के बाद यूपी कैडर में वापसी की। वहीं अब उन्हें राजधानी लखनऊ की कानून-व्यवस्था की कमान सौपी गई है।

 

एसबी शिरडकर के हटाए जाने की वजह

एसबी शिरडकर 1993 बैच के आईपीएस अफसर हैं। अगस्त 2022 में लखनऊ का पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। इससे पहले वो अपर पुलिस महानिदेशक इंटेलिजेंस के पद पर थे। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट शिरडकर महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। चर्चा है कि लखनऊ भाजपा की महानगर टीम और कुछ विधायकों ने पुलिस कमिश्नर शिराडकर की चुनाव के दौरान उनके रवैये को लेकर शिकायत की थी। सरकार भी उनकी कार्यशैली को लेकर नाराज बताई जा रही है। हालांकि, एक चर्चा यह भी है कि शिरडकर ने खुद ही कमिश्नर पद से हटने की इच्छा जाहिर की थी।

राजनाथ सिंह के ओएसडी रह चुके हैं अमरेंद्र सेंगर

आईपीएस अमरेंद्र कुमार सेंगर 1995 बैच के अफसर हैं। राजनाथ सिंह के गृहमंत्री रहते हुए उनके ओएसडी रहे हैं। वो दिसंबर, 2023 तक एनडीआरएफ में आईजी के पद पर तैनात थे। फरवरी में केंद्र से प्रतिनियुक्ति से यूपी कैडर में वापस लौटने के बाद उन्हें लखनऊ जोन का एडीजी बनाया गया था। अब उन्हें लखनऊ का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।

लखनऊ को अब तक मिल चुके हैं चार पुलिस कमिश्नर

आईपीएस अफसर का नाम                      कब से                     कब तक
1- सुजीत पाण्डेय                                15 जनवरी 2020            18 नवंबर 2020
2- डीके ठाकुर                                   18 नवंबर 2020             30 जुलाई 2022 तक
3- एसबी शिरडकर                           1 अगस्त 2022                 21 जून 2024
4- अमरेंद्र कुमार सेंगर                      22 जून 2024                           – — —–

 

एसबी शिरडकर ने सबसे ज्यादा समय तक संभाली लखनऊ की कमान

13 जनवरी 2020 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट ने राज्य में 2 पुलिस कमिश्नरेट बनाने का फैसला पारित किया। इनमें सबसे पहले राजधानी और राज्य के सबसे बड़े शहर लखनऊ और दूसरा गौतम बुद्ध नगर जिले में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू हुई। आईपीएस सुजीत पाण्डेय को लखनऊ का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया।

सुजीत कुमार पाण्डेय करीब 11 माह तक लखनऊ के पुलिस कमिश्नर रहे। 18 नवंबर को लखनऊ के पुलिस कमिश्नर सुजीत पाण्डेय को रातोंरात हटाकर आईपीएस ध्रुवकांत ठाकुर को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। उस समय माना जा रहा था कि दिवाली से पहले जहरीली शराब पीने से 6 लोगों की मौत के मामले के बाद उत्तर प्रदेश शासन ने सुजीत पांडेय को हटाने का फैसला लिया है।

आधी रात सुजीत पांडेय के ट्रांसफर के बाद डीके ठाकुर ने चार्ज भी ले लिया। अगले दिन सुबह 9 बजे कार्यालय भी जॉइन कर लिया था। डीके ठाकुर लखनऊ के एसएसपी भी रह चुके थे। डीके ठाकुर 1 साल 8 महीने लखनऊ के पुलिस कमिश्नर रहे। इसके बाद लखनऊ के तीसरे पुलिस कमिश्नर के तौर पर एसबी शिरडकर ने अगस्त 2022 को कमान संभाली। एसबी शिरडकर 1 साल 10 महीने 20 दिन लखनऊ के पुलिस कमिश्नर रहे।