प्राण प्रतिष्ठा समारोह : हाइवे की सुरक्षा और यातायात सुगमता को लेकर भारी पुलिस बल तैनात

Share

मुख्य मार्गों से लेकर प्रमुख बाजारों तक तैनात रहेगी पुलिस फोर्स

युवा मीडिया,लखनऊ। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने पूरी तैयारी कर ली है। इसी क्रम में गुरुवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था उपेन्द्र कुमार अग्रवाल ने संबंधित पुलिस अफसरों के साथ बैठक कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम को लेकर चर्चा की है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाने की पूरी योजना बनाते हुए संबंधित अफसरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था उपेन्द्र कुमार अग्रवाल ने डीसीपी व डीसीपी टै्रफिक व अन्य संबंधित पुलिस अफसरों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। जेसीपी ने बताया कि आधुनिक तकनीक की मदद से अयोध्या आने-जाने वाले मार्गों से लेकर बस, रेलवे स्टेशन व होटल आदि में संदिग्धों की चेकिंग के साथ ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

22 जनवरी के कार्यक्रम में 04 पुलिस उपायुक्त, 06 अपर पुलिस उपायुक्त, 14 सहायक पुलिस आयुक्त. 90 निरीक्षक, 556 उपनिरीक्षक, 24 महिला उपनिरीक्षक, 750 उपनिरीक्षक (प्रशिक्षु), 2181 हेडकांस्टेबल/कांस्टेबल, 189 महिला कांस्टेबल, 70 रेसर मोबाइल, 04 मोबाइल पार्टियां पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय से 03 सहायक पुलिस आयुक्त, 16 निरीक्षक, 51 उपनिरीक्षक, 05 महिला उपनिरीक्षक, 750 उपनिरीक्षक (प्रशिक्षु), 320 हेडकांस्टेबल/कांस्टेबल, 18 महिला कांस्टेबल भी उपलब्ध कराये गए हैं। इन्हें महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है। यह सभी बल ट्रैफिक के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे।

 

तीन मुख्य मार्गों पर विशेष निगरानी

जेसीपी ने बताया कि अयोध्या के लिए तीन मुख्य मार्गों को चिन्हित किया गया है। इनमें कामता, चिनहट, बाराबंकी होकर अयोध्या व अन्य दो मार्ग सुल्तानपुर रोड से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे या किसान पथ शामिल है। इन मार्गों पर किसी भी प्रकार के वाहन को पार्क नहीं होगे। सर्विस लेन आदि भी खाली रखी जाएगी। ई-रिक्शा मुख्य मार्गों पर न चल कर सर्विस लेन पर चलने की अनुमति दी गई है। मुख्य चौराहों पर किसी भी वाहन को सवारी बैठाने की इजाजत नहीं दी गई है।

आगन्तुकों से मधुर व्यवहार करने की हिदायत

जेसीपी ने बताया कि मार्ग ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मी आने वाले आगन्तुकों से मधुर व्यवहार के साथ ही मार्गों की जानकारी देंगे। इसके अलावा किसी भी मार्ग पर कोई वाहन खराब हो जाये तो तत्काल क्रेन की सहायता से हटवाये जाने की व्यवस्था की गई है। वहीं रात्रि ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी रिफ्लैक्टर जैकेट व कलर लाइट हाथों में अवश्य रखें, जिससे किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।

प्रमुख बाजार के मार्गों पर तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

70 मोटरसाइकिल वीट ड्यूटी के रूप में लगाई गई हैं, जो लगातार व्हीकिल का प्रयोग कर रास्तों पर अनधिकृत पार्किंग नहीं होने देंगी। प्रमुख बाजार के मार्गों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ताकि ट्रैफिक का दबाव न होने पाए। इसके अलावा मुख्य मार्गों पर तीन राजपत्रित अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जो समस्त जोन व सेक्टर्स की जानकारी रखने के साथ ही समन्यव बनाए रखेंगे।