नए साल का जश्न , दिनभर हाफती रही शहर की सड़कें

Share

न्यू ईयर की पार्टी मनाने के लिए उमड़ा हुजूम

लखनऊ। राजधानी में साल के पहले दिन शहरवासी घंटों जाम के झाम से जूझते रहे। पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिमी

जोन से लेकर पांचों जोन में न्यू ईयर पर घरों से निकले लोगों की भारी भीड़ की वजह से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।

इस दौरान लोग घंटों जाम में फंसे रहे। वहीं यातायात व स्थानीय पुलिस ट्रैफिक का सुचारू संचालन के लिए मशक्कत दिखाई दी लेकिन यातायात का दबाव अधिक होने के चलते वे बेबस में नजर आए।

यातायात व्यवस्था ध्वस्त,घंटों जाम में फंसे रहे शहरवासी

नया साल और रविवार के अवकाश पर शहर के चारों तरफ से लोग घूमने के लिए निकल पड़े।

 

जिससे लखनऊ कमिश्नरेट की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। हालांकि यातायात का डायवर्जन बीते 31 दिसंबर से एक जनवरी तक पुलिस प्रशासन ने कर रखा था। इसके बावजूद व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी पर रही।

यातायात का दबाव इतना था कि घर से न्यू ईयर की पार्टी मनाने के लिए कुछ लोग अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाए तो जरूरी काम से निकले शहरवासी घंटों जाम में फंसे रहे।

पश्चिमी जोन में स्थित ऐतिहासिक बड़ा इमामबाडा व घंटाघर व शॉपिंग माल व पार्क के आसपास की सड़कों पर लोगों का भारी हुजूम दिखाई पड़ा।

इस दौरान चौराहों, तिराहों व गालियों की सड़कों पर भारी जाम लग गया। वहीं मध्य जोन में स्थित चिडिय़ाघर व हजरतगंज में फैमिली के साथ न्यू ईयर पार्टी मनाने के लिए भारी संख्या में लोगों को आवागमन रहा।

 

 

जिससे यातायात व्यवस्था बाधित रही। वहीं 1090 चौराहा,समतामूलक,हजरतगंज अटल चौराहा,सिविल अस्पताल चौराहा,डालीगंज बंधा रोड,आईटी

चौराहे से लेकर परिवर्तन चौराहा, हनुमान सेतू से वीरबल साहनी मार्ग तक वाहन रेंगते नजर आए।

शापिंग मॉल से लेकर पार्क के आसपास की सड़कों पर रहा दबाव

सुशांत गोल्फ सिटी स्थित लू-लू मॉल,हजरतगंज के सहारा मॉल,गोमतीनगर फन मॉल समेत शहर की अन्य शॉपिंग मॉल की सड़कों पर लम्बा जाम लगा रहा। वहीं पार्कों के आसपास की सड़कों पर भी यातायात व्यवस्था दिनभर चरमराई रही।

 

इस दौरान लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए जद्दोजहद करते दिखाई पड़े। वहीं चौराहों से लेकर सड़कों तक लगा लम्बा जाम की स्थिति से निपटने के लए स्थानीय पुलिस से लेकर यातायात कर्मी मशक्कत करते रहे।